कोरोनावायरस फैलने के कारण देशभर में लॉकडाउन की स्थिति है। लम्बे समय से लगे लॉकडाउन के कारण लोग अपने घरों में क़ैद होने को मजबूर हो गए हैं। ऐसे लॉकडाउन के माहौल में भी लोग लड़ाई झगड़े कराने से बाज़ नहीं आ रहे हैं। अभी अभी एक खबर मिली है कि कोरोना जांच कराने को लेकर दो पड़ोसी परिवारों में झगड़ा इतना ज़्यादा बढ़ गया कि 2 लोगों की मौत हो गयी।
मामला मध्य प्रदेश के भिंड शहर में स्थित प्रेमनगर नामक इलाके का है। इस इलाके में कपूरे खां नाम का व्यक्ति अपने परिवार के साथ रहता है। लॉकडाउन के दौरान कपूरे खां का दामाद उनके घर रहने के लिए आया हुआ था। कपूरे खां का दामाद दिल्ली से आया था। एक शाम को दामाद घर के बाहर बैठा हुआ था। पड़ोस में रहने वाली कला जाटव ने दामाद के बाहर बैठने पर आपत्ति जतायी।
कला जाटव ने कहा कि आपका दामाद दिल्ली से आया है इसका कोरोना टेस्ट करवाइए। कपूरे खां के दामाद ने कला जाटव को बताया कि उसने दिल्ली में एक बार टेस्ट करवाया था और यहाँ आने के बाद भी स्क्रीनिंग करवायी थी। लेकिन कला जाटव अपनी बात पर अड़ी रही। देखते ही देखते बात-चीत झगड़े में तब्दील होने लगी। दोनों पक्षों के परिवार वालो ने आकर एक दूसरे को अपशब्द कहने शुरू कर दिये।
धीरे धीरे मामला मारपीट पर आ गया। दोनों पक्षों की तरफ से खूब मारपीट और पथराव किया गया। इस मारपीट और पथराव में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में कला जाटव और उनके भाई विष्णु जाटव की मौत हो गयी। पुलिस ने कार्यवाही करते हुए 9 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया। दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस अब मुजरिमो को तलाश रही है।