कोरोनावायरस ने दुनिया भर में तबाही मचा रखी है। तमाम कोशिशों के बाद भी ये वायरस दुनिया से ख़त्म होने का नाम नहीं ले रहा है। लाखों लोग अभी भी इस वायरस से संक्रमित हैं। पूरी दुनिया में ये वायरस अभी तक लगभग 3,08,810 लोगो की जान ले चुका है। दुनिया भर में इस वायरस को रोकने के लिए लॉकडाउन का सहारा लिया जा रहा है।
हमारे भारत में भी 40 दिन का लॉकडाउन जारी है जिसको अभी हाल ही में बढ़ा कर 54 दिन का कर दिया गया है। भारत में लॉकडाउन लगा होने के बावजूद कोरोना की रफ़्तार में कमी नहीं आ रही है। पिछले 24 घंटो में 3,808 नए मामले दर्ज किये गए हैं। तमाम कोशिशों के बाद भी कोरोना भारत में फैलता जा रहा है।
अभी हाल ही में भारत ने कोरोना संक्रमण के मामले में चीन को पीछे कर दिया है। खबर लिखे जाने तक चीन में कोरोना के अब तक 82,941 मामले सामने आए हैं जबकि भारत में ये आंकड़ा 86,784 तक पहुँच चुका है। दोनों देशों में होने वाली मौतों पर अगर नज़र डाली जाए तो चीन में अब तक 4,633 और भारत में 2,753 मौते हो चुकी हैं। आइये नज़र डालते हैं कि भारत के किस राज्य में कितने मामले सामने आ चुके हैं।
महाराष्ट्र
भारत में कोरोना से सबसे ज़्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र है। महाराष्ट्र में अब तक 29,100 कोरोना मामले दर्ज किये जा चुके हैं। 1068 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र के अंदर 1300 नए मामले सामने आए हैं। ठीक होने वाले व्यक्तियों की अगर बात की जाए तो अब तक 6564 लोग पूरी तरह ठीक हो चुके हैं।
तमिलनाडु
देश के राज्य तमिलनाडु में कोरोना ने बहुत तेज़ रफ़्तार पकड़ी है। कुछ समय पहले छठे स्थान पर रहने वाला तमिलनाडु अब दूसरे स्थान पर आ गया है। तमिलनाडु में अब तक 10,108 मामले पाए जा चुके हैं। राज्य में मरने वालो की संख्या 71 है जबकि 2599 लोग ठीक हो कर वापस लौटे हैं।
गुजरात
तमिलनाडु के बाद भारत में सबसे ज़्यादा प्रभावित क्षेत्र गुजरात है। लम्बे समय तक दिल्ली तीसरे स्थान पर बना हुआ था लेकिन अचानक से गुजरात में संक्रमण के मामले बढ़ने लगे और गुजरात दिल्ली को पीछे करके तीसरे स्थान पर आ गया। गुजरात में इस समय तक 9932 कोरोना के मामले सामने आ चुके हैं जिसमे 606 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। 4035 लोग इस बीमारी को हरा कर वापस लौटे हैं।
दिल्ली
देश की राजधानी दिल्ली संक्रमण के मामले में चौथे स्थान पर है। दिल्ली में अभी तक 8895 कोरोना के मामले सामने आ चुके हैं। राजधानी में 123 लोगों की मौत इस संक्रमण के चलते हुई है जबकि 3518 लोग इस बीमारी से रिकवर हुए हैं।
उत्तर प्रदेश
देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में कोरोना के 4057 मामले सामने आ चुके हैं। उत्तर प्रदेश में कोरोना के कारण मरने वाले लोगों की संख्या 95 है। राज्य में अब तक 2165 लोग ठीक होकर वापस अपने घर लौटे हैं।
अन्य राज्य
अन्य राज्यों की अगर बात करें तो मध्य प्रदेश में 4595, राजस्थान में 4838, और आंध्र प्रदेश में 2355 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इन राज्यों में मौत का आंकड़ा क्रमश: 239, 125 और 49 है।