कोरोनावायरस के कारण देश में लॉकडाउन की स्थिति है लेकिन फिर भी देश के अंदर जुर्म नहीं रुक रहा है। इस महामारी के दौर में भी लोग अपनी हरकतों से बाज़ नहीं आ रहे हैं। रोज़ाना सैंकड़ो आपराधिक मामले सामने आते हैं। अभी ताज़ा मामला हरियाणा का सुनने में आया है। एक जिम संचालक की गोलियों से भून कर हत्या कर दी गयी है। आरोपियों ने इस घटना को सुबह 5 बजे अंजाम दिया है।
मामला हरियाणा के गुरुग्राम का है। मंजीत नाम का एक शख्स नोरजपुर में अपना जिम चलाता था। मंजीत को रोज़ सुबह मॉर्निंग वॉक पर जाना पसंद था। एक सुबह 5 बजे मंजीत अपने बच्चो के साथ पार्क में मॉर्निंग वॉक के लिए गया तो 3 बदमाशों ने अचानक से उस पर गोलियों की बौछार कर दी। हमलावरों ने 10 गोलियां मंजीत को मारी। मंजीत लहूलुहान हो कर वहीं गिर गया।
गोलियां चलने से पार्क में अफरा तफरी मच गयी। किसी व्यक्ति ने फ़ोन करके पुलिस को बुलाया। पुलिस ने आकर देखा की मंजीत काफी देर पहले मर चुका था। जिस समय उसको गोली मारी गयी वह उसी समय मर गया था। मोके पर मौजूद एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि सब कुछ इतना अचानक हुआ कि किसी को कुछ समझ नहीं आया। आरोपी गोलियां मार कर तुरंत फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि आरोपियों के मुँह ढके हुए थे जिसके कारण उनकी पहचान नहीं की जा सकती है। आरोपी मंजीत के आने का पहले से इंतज़ार कर रहे थे। जैसे ही मंजीत पार्क में आया, आरोपियों ने बिना समय गंवाए गोलियां बरसानी शुरू कर दी। आरोपियों ने मंजीत के बच्चो को कुछ नहीं किया। उनका निशाना सिर्फ मंजीत पर था। मंजीत को मारने के बाद वे फरार हो गए।
पुलिस ने जांच करके बताया कि मंजीत दिल्ली का रहने वाला था। कुछ सालों से वो हरियाणा में अपने मामा के यहाँ रह रहा था। इलाके में ही उसने अपना जिम खोल रखा था। पुलिस ने बताया कि मंजीत भी आपराधिक प्रवृति का व्यक्ति था। साल 2011 में उस पर एक हत्या का आरोप लगा था। पुलिस को शक है कि ये आपसी दुश्मनी का मामला है। मंजीत के मामा ने शिकायत दर्ज कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।