कोरोनावायरस फैलने के कारण पूरे देश में लॉकडाउन लगा दिया गया है। लम्बे समय से चल रहा लॉकडाउन ख़त्म होने का नाम नहीं ले रहा है। भारत में रहने वाले करोड़ो लोग लॉकडाउन से प्रभावित हुए हैं। सबसे ज़्यादा प्रभावित घर से दूर काम करने निकले मज़दूर हुए हैं। लम्बे लॉकडाउन के कारण मज़दूर वापस अपने घर के लिए पलायन करने को मजबूर हो गए हैं। ऐसे में एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में एक बच्चा अपने माँ बाप को रिक्शे से बिहार लेकर जा रहा है।
इस पलायन के दौरान मज़दूरों की हालत बहुत बुरी है। लोग भूखे प्यासे हज़ारो किलोमीटर पैदल चले जा रहे हैं। हर रोज़ गरीब मज़दूरों की दिल तोड़ने वाली फोटो इंटरनेट पर साझा की जाती हैं। ऐसे में एक वीडियो वायरल हुई है जिसको देख कर आपको हौंसला मिलता है। दरअसल एक शख्स अपनी कार से जा रहा था। रास्ते में उसको एक बच्चा दिखा जो रिक्शा चला कर अपने माँ बाप को खींच कर ले जा रहा था। कार वाले शख्स ने बच्चे की वीडियो बनानी शुरू कर दी।
वीडियो रिकॉर्ड करते करते वह व्यक्ति कार से उतरकर बच्चे के पास जाता है। वो बच्चे से पूछता है कि बच्चा कहाँ जा रहा है? बच्चा बताता है कि वे अपने माँ बाप को लेकर बिहार के अररिया में जा रहा है। बच्चा बताता है कि वे लोग वाराणसी में रहकर मेहनत मज़दूरी करते हैं। लॉकडाउन के कारण उनके पास अब रोज़ी रोटी का कोई साधन नहीं बचा है। इसीलिए वे लोग वाराणसी छोड़ कर बिहार में अपने घर जा रहे हैं।
नाम पूछने पर बच्चा अपना नाम तावर-ए-आलम बताता है। बच्चे की उम्र पूछने पर वह अपनी उम्र 11 साल बताता है। मात्र 11 साल का बच्चा और इतना हौंसला देख कर वीडियो बनाने वाला शख्स उसकी हौंसला अफ़ज़ाई करता है। उसका हौंसला बढ़ाने के लिए वह उसको 500 रूपये भी देता है। वीडियो बनाने वाले शख्स ने वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। देखते ही देखते ये वीडियो वायरल हो गया। लोग इस बच्चे को आज का श्रवण कुमार कह रहे हैं।