कोरोनावायरस फैलने के कारण पूरे देश में लॉकडाउन की स्थिति है। देश के लगभग सभी राज्यों में सख्त लॉकडाउन जारी किया गया है। इस लॉकडाउन के दौरान भी लोगों को चैन नहीं है। खबर मिली है कि पश्चिम बंगाल में दो समुदायों के बीच फसाद हुआ है। इस फसाद में लोगों ने एक दूसरे पर बम फेंके हैं। बीजेपी के दो सांसदों पर दंगा भड़काने का आरोप लगा है।
मामला पश्चिम बंगाल के हुगली ज़िले के तेलिनीपारा, चन्दन नगर और श्रीरामपुर का है। काफी दिनों से इन जगहों पर दो पक्षों के बीच तनाव भरा माहौल चल रहा था। इसी माहौल को देखते हुए प्रशासन ने इन इलाको के धारा 144 लगा रखी थी। इसके बावजूद इन इलाको में दंगा भड़क गया। दरअसल एक समुदाय के शख्स ने दूसरे समुदाय के शख्स को ‘कोरोना’ कहकर पुकारा जिसके बाद ये फसाद शुरू हुआ।
फसाद में लोगों ने दुकानों में तोड़फोड़ की, दुकानों को लूटा, पत्थरबाज़ी की, यहाँ तक की लोगों ने एक दूसरे पर बम भी फेंके। हालात को काबू करने के लिए मज़बूरी में पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। तब जाकर मामला शांत हुआ। इस मामले में अब तक 129 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। प्रशासन ने सख्ती बहुत ज़्यादा बढ़ा दी है जिसके बाद अब हालात काबू में हैं।
इस पूरे मामले पर बीजेपी के दो सांसदों के खिलाफ दंगा भड़काने का आरोप लगाया गया है। बीजेपी के दो सांसद लॉकेट चटर्जी और अर्जुन सिंह पर ये आरोप लगाया गया है। इस शिकायत पर दोनों सांसदों को 22 मई को पेश होना होगा। मामले पर दोनों सांसदों से पूछताछ की जाएगी।