कोरोनावायरस के कारण पूरे देश में लॉकडाउन लगा हुआ है। लॉकडाउन में भी भारत के अंदर जुर्म का स्तर कम नहीं हुआ है। रोज़ाना कहीं न कहीं आपराधिक घटनाये सुनने को मिलती हैं। आज एक अजीब खबर सुनने को मिली है। एक पति ने अपनी पत्नी को कारोबार के चक्कर में मौत के घाट उतार दिया। पति को डर था कि उसकी पत्नी उसका कारोबार हड़पना चाहती है। इस चक्कर में पति ने पत्नी का क़त्ल करवा दिया।
मामला उत्तर प्रदेश के दिल्ली से सटे ज़िला ग़ाज़ियाबाद का है। सलीम नाम का शख्स ग़ाज़ियाबाद के लोनी क्षेत्र में रहता है। सलीम का लोनी में ही प्रॉपर्टी का बिज़नेस है। एक दिन अचानक सलीम ने पुलिस को फ़ोन करके बताया कि किसी ने उसकी पत्नी की गोली मार कर हत्या कर दी है। पुलिस तुरंत बतायी हुई जगह पर पहुंची। पुलिस ने देखा की सलीम की पत्नी दिव्या राणा एक कार में मरी हुई पड़ी है। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और सलीम का बयान लेने के लिए उसको थाने लेकर आए।
थाने में सलीम ने बताया कि एक अनजान शख्स प्रॉपर्टी खरीदने के इरादे से उनके पास आया था। सलीम और उसकी पत्नी उस व्यक्ति को प्रॉपर्टी दिखाने के लिए अपनी कार से जा रहे थे। रास्ते में सलीम की पत्नी और उस व्यक्ति के बीच किसी बात को लेकर कहा सुनी हो गयी। गुस्से में उस शख्स ने सलीम की पत्नी को गोली मार दी और गाड़ी से निकल कर फरार हो गया। पुलिस को सलीम की ये कहानी झूठी लगी।
सलीम की कहानी में कई झोल थे। इसी को सोचते हुए पुलिस ने सलीम से सख्ती से पूछताछ करने का निर्णय लिया। पुलिस को सलीम के फ़ोन रिकॉर्ड संदिग्ध लगे। जब पुलिस ने सलीम से फ़ोन रिकॉर्ड के बारे में पूछा तो सलीम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। सलीम ने बताया कि उसकी पत्नी उसका कारोबार हड़पना चाहती थी इसीलिए उसने ये क़दम उठाया। सलीम ने बताया कि उसने 2 हत्यारो को अपनी पत्नी की सुपारी दी थी। पुलिस अब उन हत्यारो को तलाश रही है।