अमेरिका में अश्वेत नागरिक जॉर्ज फ्लॉयड की पुलिस कस्टडी में मौत हो जानें के बाद लोग सड़को पर उतर आए हैं। सोशल मीडिया से शुरू हुआ ये विरोध प्रदर्शन सड़को तक पहुँच चुका है। अमेरिका के 25 से ज़्यादा शहरों में ये प्रदर्शन चल रहा है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के ज़िम्मेदार पुलिस अफसरों को कड़ी सजा दी जानी चाहिए। पिछले कुछ दिनों में इस विरोध प्रदर्शन ने भयंकर रूप ले लिया है।
कई जगहों पर लूटपाट और आगजनी की गयी है। विरोध का ये प्रदर्शन अमेरिका के व्हाइट हाउस तक पहुँच गया। व्हाइट हाउस के बाहर प्रदर्शनकारियों ने पथराव शुरू कर दिया। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प उस समय व्हाइट हाउस में मौजूद थे। स्थिति बिगड़ती देखकर डोनाल्ड ट्रम्प को व्हाइट हाउस में बने बंकर में छुपना पड़ा। राष्ट्रपति ट्रम्प ने कुछ घंटे बंकर में ही बिताये। बाहर जब मामला शांत हो गया तो ट्रम्प बाहर आए।
प्रदर्शनकारियों ने डोनाल्ड ट्रम्प के बंकर में छिपने की बात को हथियार बना लिया। लोगों ने ट्रम्प को बुज़दिल राष्ट्रपति कहना शुरू कर दिया। अमेरिका की कुछ मीडिया ने भी ट्रम्प के भागकर छिपने जैसी खबरें छापी। बताया जा रहा है कि ट्रम्प के कई एडवाइज़र उनसे देश को संबोधित करने की सलाह दे रहे थे। लेकिन ट्रम्प ने ऐसा नहीं किया। अमेरिका में विरोध प्रदर्शन व्यापक रूप ले चुका है। स्थिति को काबू करने की पूरी कोशिश की जा रही है।