‘स्टाइल’ फिल्म से बॉलीवुड में एंट्री करने वाले एक्टर शरमन जोशी को आप ज़रूर जानते होंगे। अपनी लाजवाब कॉमिक टाइमिंग और शानदार एक्टिंग के बल पर शरमन जोशी आज बॉलीवुड में कायम हैं। शरमन जोशी रोहित शेट्टी की गोलमाल फिल्म सीरीज़ के पहले भाग में भी नज़र आए थे। इस फिल्म का नाम गोलमाल: फन अनलिमिटेड था। शरमन जोशी के अलावा इस फिल्म में अजय देवगन, तुषार कपूर और अरशद वारसी मुख्य भूमिका में थे।
2006 में आयी ये फिल्म काफी बड़ी हिट साबित हुई थी। शरमन जोशी के रोल को काफी सराहा गया था। लेकिन गोलमाल फिल्म के अगले भागो में शरमन जोशी की जगह श्रेयस तलपड़े और कुणाल खेमू को ले लिया गया। सबके मन में ये सवाल था कि आखिर शरमन को इस फिल्म से बाहर क्यों किया गया? अब बॉलीवुड हंगामा को दिये एक इंटरव्यू में शरमन जोशी ने इस मुद्दे पर खुल कर बात की है।
शरमन ने इंटरव्यू में बताया कि, ‘पहली फिल्म हिट होने के बाद में अपनी फीस बढ़ाना चाहता था। मेरे मैनेजर फीस को लेकर मोल-भाव कर रहे थे। मैंने अपने मैनेजर को बताया की इस रकम से नीचे नहीं आना है। मुझे लगता है कि कुछ अहंकार भी बीच में आ गया था। ये सब करने में काफी देर हो गयी और रोल श्रेयस को दे दिया गया।’ शरमन ने बताया कि वे खुद ये रोल करना चाहते थे। अगर शरमन सच में ये रोल करते तो गोलमाल सीरीज़ और बेहतर होती।
शरमन जोशी अक्सर आमिर खान के साथ फिल्में करते हुए नज़र आते हैं। फिल्म रंग दें बसंती और 3 इडियट में निभाए उनके किरदार को लोग आज भी भूले नहीं हैं। शरमन एक मंझे हुए कलाकार हैं। अभी हाल ही में वे फिल्म मिशन मंगल में नज़र आए थे।